अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों और राहत मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को लेकर आज छतरपुर में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अजाक (मुख्यालय) श्री आशुतोष राय ने की।
समीक्षा बैठक में छतरपुर रेंज अंतर्गत चार जिलों—छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी—में दर्ज अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Act) के प्रकरणों, लम्बित अपराधों, चालानों एवं राहत से संबंधित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
श्री राय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबी अवधि से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए तथा पीड़ित पक्ष को समय पर राहत एवं सहायता राशि प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए एवं पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में छतरपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार, पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन, पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई, पुलिस अधीक्षक निवाड़ी श्री राय सिंह नरवरिया, चारों जिलों के अजाक उप पुलिस अधीक्षक, अजाक थाना प्रभारी, सीसीटीएनएस प्रभारी उप निरीक्षक ओम शंकर सिंह, तथा डीआईजी छतरपुर कार्यालय के रीडर एएसआई शशिराज मिश्रा उपस्थित रहे।
बैठक में आंकड़ों के विश्लेषण के साथ-साथ प्रत्येक जिले की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की गई। इस दौरान मामलों के तेजी से निराकरण के लिए अंतरविभागीय समन्वय और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी बल दिया गया।
एडीजी श्री राय ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनजातीय एवं अनुसूचित जाति के नागरिकों को न्याय दिलाने हेतु संवेदनशीलता, दक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

