माननीय मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत छतरपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। विगत महीनों में पुलिस ने एनडीपीएस के 85 और आबकारी के 2000 से अधिक प्रकरण दर्ज किए, जिनमें बड़ी मात्रा में अफीम, गांजा, नशीली दवाइयाँ और अवैध शराब बरामद की गई है।
इसी कड़ी में, थाना गढ़ी मलहरा पुलिस ने शनिवार दोपहर सागर–कानपुर नेशनल हाईवे पर कार्रवाई की। ग्राम गरेला के पास संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 ग्राम से अधिक अवैध स्मैक (कीमत ₹1,15,000) बरामद हुई। साथ ही, तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत सवा 2 लाख रुपये से अधिक आंकी गई।
आरोपी की पहचान उदयभान तिवारी पिता वासुदेव तिवारी, निवासी ग्राम कैमाहा थाना श्रीनगर जिला महोबा (उ.प्र.) के रूप में हुई है। वह पहले से भी एनडीपीएस मामलों में लिप्त पाया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया। फिलहाल विवेचना जारी है।
छतरपुर पुलिस ने दोहराया कि नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और जिले में नशे का अवैध कारोबार पूरी तरह समाप्त करने के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
