छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे दो बाइक सवार युवकों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों शव बुरी हालत में पड़े मिले, जबकि मौके से एक देसी कट्टा और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।
परिजनों ने दोनों युवकों की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले देसी कट्टे से गोली मारकर और फिर सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या की है। शवों की हालत देखकर भी किसी गंभीर अपराध की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि हत्यारों का जल्द पता लगाया जा सके। इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
