वर्तमान में वैवाहिक कार्यक्रमों का सीजन चल रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए छतरपुर पुलिस द्वारा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों में संचालित मैरिज गार्डन, गेस्ट हाउस, अन्य कार्यक्रम स्थल संचालकों एवं डीजे संचालकों के साथ संबंधित थाना/चौकी परिसरों में बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु छतरपुर पुलिस द्वारा निम्न निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई—
• संचालित मैरिज गार्डन एवं अन्य कार्यक्रम स्थलों में सीसीटीवी कैमरे लगवाना अनिवार्य किया जाए।
• प्रवेश द्वार, निकास, लॉबी एवं पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।
• महत्वपूर्ण स्थानों के समीप स्थित मैरिज गार्डनों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
• कार्यक्रम स्थल पर बजने वाले ध्वनि यंत्र (डीजे/साउंड सिस्टम) निर्धारित समय एवं निर्धारित डेसीबल सीमा में ही संचालित किए जाएं, जिससे आम नागरिकों एवं कॉलोनीवासियों को असुविधा न हो।
• कार्यक्रम स्थल पर डीजे संचालकों की पूरी जानकारी संधारित की जाए।
• पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क कराने हेतु कर्मचारियों की तैनाती की जाए।
• मैरिज गार्डनों में कार्यरत कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
• कार्यक्रम स्थल पर फायर अलार्म एवं अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
• परिसर में लगे बिजली के तारों की स्थिति दुरुस्त रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
• चोरी की घटनाओं को रोकने हेतु संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
• मैरिज गार्डन एवं अन्य कार्यक्रम स्थलों की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) सुरक्षित एवं दुरुस्त रखी जाए, जिससे अनधिकृत प्रवेश रोका जा सके।
• मैरिज गार्डनों में ठहरने हेतु दिए गए कमरों में रुकने वाले व्यक्तियों से पहचान पत्र के रूप में आवश्यक दस्तावेज जमा कराए जाएं।
छतरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

