छतरपुर, 13 अगस्त 2025 — आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन परिसर में होने वाले राष्ट्रीय सलामी, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी आज फाइनल रिहर्सल के साथ पूरी हो गई।
जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल तथा पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने परेड का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रीय सलामी से हुई, जिसके बाद विभिन्न पुलिस प्लाटून का निरीक्षण और हर्ष फायरिंग की गई। पुलिस बैंड प्लाटून का शानदार प्रदर्शन और मल्टी स्क्रीनिंग के माध्यम से भोपाल परेड ग्राउंड से हुआ लाइव प्रसारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।
विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने वाद्य यंत्र, संगीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
परेड का नेतृत्व डीएसपी (पी) हर्ष राठौर और सेकंड-इन-कमांड महिला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा श्रीवास्तव ने किया। इसमें जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल कंपनी 29वीं बटालियन दतिया, पुलिस बैंड प्लाटून, नगर सैनिक बल, एनसीसी, महिला शौर्य दल और स्काउट की टुकड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर मिलिंद नागदेव, नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
