एक पेड़ मां के नाम
कलेक्टर के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर किया गया पौधरोपण
जिला प्रशासन की आमनागरिकों से अभियान में सहभागिता कर पौधरोपण करने की अपील
प्रकृति और ममता को समर्पित एक पेड़ मां के नाम अभियान पर्यावरण को संवारने एक सशक्त पहल है। अभियान अंतर्गत प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण को बढ़ावा दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिले में विभिन्न विभागों को पौधरोपण के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इसी क्रम में अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा छतरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति राधेपुर एवं विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम राधेपुर गौशाला में आयोजित किया गया। साथ ही शासकीय आईटीआई रोजगार कार्यालय में भी पौधरोपण किया गया। खाद्य विभाग द्वारा धमना राजनगर में पौधरोपण किया गया। नगर परिषद गढ़ीमलहरा के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा पौधरोपण किया गया। साथ ही उप पंजीयक राजनगर, आबकारी विभाग, कृषि उपज मंडी छतरपुर और आयुष विभाग द्वारा औषधीय पौधों का रोपण किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अभियान में सहभागिता कर पौधरोपण करने की अपील की गई है।
