मकान गिरने के भय से एसपी के पास पहुंचे बदमाश के परिजन
आवेदन देकर लगाई मकान न गिराने की गुहार
छतरपुर। बीते रोज पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ जिले के शातिर बदमाश जाफिर उर्फ जफ्फू खान के घर जाकर उसके घर की नाप कराई थी और परिजनों को जल्द से जल्द जफ्फू को पुलिस के सामने हाजिर करने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद अब जफ्फू खान के परिजनों को मकान गिरने का भय सता रहा है। गुरूवार को बदमाश जफ्फू के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देते हुए उनके मकान को न गिराने की गुहार लगाई है।
बदमाश की मां जुलेखा खातून ने कि जिस मकान की नाप पुलिस के द्वारा कराई गई है वह जाफिर खान के नाम पर नहीं है, उक्त मकान उसके दूसरे पुत्र जाकिर खान के नाम पर है। जुलेखा खातून के मुताबिक जाफिर उर्फ जफ्फू अपनी मर्जी का मालिक है और उसका घर के किसी भी सदस्य से सरोकार नहीं है। पूर्व में पुलिस दो बार उसके मकान को गिरा चुकी है और अब एक बार फिर मकान गिराने की चेतावनी दी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर परिजनों ने मकान न गिराने की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने बदमाश को जल्द से जल्द पुलिस के सामने हाजिर कर कार्यवाही से बचने का सुझाव दिया है।

