
छतरपुर। “आओ मलेरिया से मुक्ति पाएं, सोते समय मच्छरदानी लगाएं” — इसी संदेश के साथ जिलेभर में विश्व मच्छर दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के निर्देशानुसार सभी ब्लॉकों में रैली, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और स्कूल-छात्रावासों में जनसंपर्क गतिविधियाँ हुईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता ने मलेरिया कार्यकर्ताओं को हरी झंडी दिखाकर वार्डों में रवाना किया। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गौरव खरे, सहायक मलेरिया अधिकारी एस.एल. अहिरवार, जेएमआई दिनेश कुमार पटैरिया एवं पूरा स्वास्थ्य स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि बरसाती दिनों में घर के आस-पास पानी जमा न होने दें, सप्ताह में एक बार कूलर, टंकी और मटकों को खाली कर सुखाएँ, बेकार टायर, गमले और बर्तनों को उल्टा रखें तथा जमा पानी में जला हुआ तेल डालें।
मलेरिया से बचाव के उपाय :
सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
किसी भी व्यक्ति को बुखार होने पर तुरंत जांच कराएँ।
सभी शासकीय अस्पतालों में जांच व उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि लोग बरसात के मौसम में सतर्क रहें और मलेरिया से बचाव के लिए बताए गए उपायों का पालन कर अपने परिवार और समाज को सुरक्षित रखें।
