संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने छतरपुर पुलिस की सघन पेट्रोलिंग, लोगों से किया जनसंवाद
जिले में चोरी, सेंधमारी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से छतरपुर पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन पेट्रोलिंग और जनसंवाद अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस ने पूर्व में चिन्हित संवेदनशील इलाकों, सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर लगातार भ्रमण किया।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उन्हें संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय बताए। नागरिकों से अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस ने विशेष रूप से शीत ऋतु को देखते हुए लोगों को सतर्क किया कि इस मौसम में अपराधी सुनसान मकानों और बंद दुकानों को निशाना बनाते हैं। इसलिए
घर छोड़कर बाहर जाने से पहले पुलिस को सूचित करें,
कीमती सामान सुरक्षित रखें,
आसपास नजर रखें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की तुरंत जानकारी दें।
छतरपुर पुलिस द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, सार्वजनिक स्थल एवं हाईवे पर लगातार गश्त की गई। हाईवे पेट्रोलिंग टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की, जिससे असामाजिक तत्वों पर सख्त नजर बनी रहे।
पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन 7049101021, डायल 112 या नजदीकी थाने से तुरंत संपर्क करें।
👉 छतरपुर पुलिस का यह प्रयास जिले में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में कानून का डर कायम रखने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
