
छतरपुर। जिले की जनसंपर्क अधिकारी रही हिमांशी बजाज ने अपने स्थानांतरण के उपरांत जिले के समस्त पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने एक भावुक संदेश के माध्यम से छतरपुर की पत्रकारिता को ‘बेहतर, जागरूक और संवेदनशील’ बताते हुए जिले में अपने कार्यकाल को जीवन का एक सुंदर और सीखों से भरा अनुभव बताया।
श्रीमती बजाज ने कहा, “जनसंपर्क अधिकारी के रूप में मेरा सदैव प्रयास रहा कि पत्रकारों की हर कॉल का उत्तर दूं और पत्रकारिता के स्तर को ऊपर उठाने में हरसंभव सहयोग कर सकूं। आप सभी के सहयोग के बिना यह संभव नहीं हो पाता।”
उन्होंने छतरपुर की मीडिया को प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित कराने में अहम भूमिका निभाने वाला बताया। साथ ही, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की सफल कवरेज और टीम भावना से किए गए कार्यों का विशेष उल्लेख किया।
अपने संदेश में हिमांशी बजाज ने नई पीढ़ी के पत्रकारों को छतरपुर की पत्रकारिता विरासत को आगे बढ़ाने की शुभकामनाएँ दीं और जिले के जनसंपर्क विभाग की निरंतर प्रगति की कामना की।
अंत में उन्होंने सभी पत्रकारों को इस यात्रा को यादगार और सार्थक बनाने के लिए दिल से धन्यवाद दिया।
