अन्य

मध्यांचल उत्सव–2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन: युवाओं के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अग्रसर

मध्यांचल उत्सव–2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन: युवाओं के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अग्रसर


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की यह भविष्यवाणी कि 21वीं सदी भारत की होगी, आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार होती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वैश्विक मंच पर भारत ने अपनी साख स्थापित की है और प्रधानमंत्री श्री मोदी विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। भारत आज विश्व का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विश्व के सबसे युवा लोकतांत्रिक देश के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के शंकरलाल सभागार में मध्यप्रदेश के अध्ययनरत छात्रों के संगठन मध्यांयल स्टूडेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मध्यांचल उत्सव–2026 को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कोने-कोने से आए युवा दिल्ली में संगठित होकर अध्ययन कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। इतने बड़े पैमाने पर युवाओं से संवाद ने उनकी दिल्ली यात्रा को सार्थक बना दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में शामिल है और राज्य सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी है। युवाओं को सक्षम बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश का युवा जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बने। युवा कृषि, टेक्नोलॉजी, चिकित्सा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित सभी आधुनिक क्षेत्रों में दक्ष बनकर देश और प्रदेश को सशक्त करें।

मुख्यमंत्री ने राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में सिंचाई के रकबे में लगातार वृद्धि हुई है और आगामी पाँच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। पीपीपी मॉडल के तहत नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिससे नीट परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों के माध्यम से चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी। टेक्सटाइल उद्योग में रोजगार सृजन के लिए सरकार द्वारा प्रति श्रमिक प्रतिमाह 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश बिजली सरप्लस स्टेट है और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में देश में सबसे कम दर, मात्र 2 रुपये 10 पैसे प्रति यूनिट पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। दिल्ली मेट्रो भी मध्यप्रदेश की बिजली से संचालित हो रही है। माइनिंग सेक्टर, जैव विविधता, पर्यटन और फिल्म नीति के माध्यम से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री श्याम टेलर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की प्रगति की रफ्तार दोगुनी हुई है। मां नर्मदा और बाबा महाकाल प्रदेश की पहचान हैं। दिल्ली में अध्ययनरत युवाओं द्वारा प्रदेश की कला, साहित्य और संस्कृति के संगम के रूप में आयोजित मध्यांचल उत्सव सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष सुश्री रेखा सक्सेना एवं दिल्ली विश्वविद्यालय की कल्चर काउंसिल के संचालक श्री अनूप लाखर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिल्ली में अध्ययनरत मध्यप्रदेश के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts

लखनऊ: ओला सर्विस सेंटर कर्मियों ने ग्राहक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

khabarsamayper

बड़ामलहरा में युवा संगम रोजगार मेला: 278 युवाओं ने कराया पंजीयन, 242 का प्रारंभिक चयन

khabarsamayper

छतरपुर: बिजावर पुलिस ने मारपीट के 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

khabarsamayper

Leave a Comment