मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना में आयोजित प्रदेश के 28वें बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने पन्ना को महाराजा छत्रसाल और भगवान श्री जुगल किशोर की नगरी बताते हुए कहा कि हीरे और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध पन्ना में बाघों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित पवई बांध, मझगांय और रुंझ जैसी सिंचाई परियोजनाओं से बुंदेलखंड के किसानों को फायदा मिलेगा। किसानों से उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती अपनाने के साथ पशुपालन से अतिरिक्त आय बढ़ाने की अपील की गई। वहीं किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली देने का आश्वासन भी मुख्यमंत्री ने दिया।
