मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में करीब ₹13,790 करोड़ से अधिक के वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। प्रदेश के 140 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण और संचालन के लिए ₹962.50 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति दी गई। सिंचाई परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली, जिनसे 88 हजार हेक्टेयर से अधिक अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ने का दावा किया गया है। जावद-नीमच दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिए ₹4,197.58 करोड़, सुठालिया परियोजना के लिए ₹262.63 करोड़ और पार्वती-रिन्सी परियोजना के लिए ₹507.23 करोड़ की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा भविष्य की बिजली जरूरतों के लिए 2,800 मेगावॉट ताप विद्युत खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।
