छतरपुर पुलिस का “समर्थ प्रशिक्षण अभियान” : CCTNS के ऑनलाइन प्रशिक्षण का पहला सत्र सम्पन्न
न्यूज़:
छतरपुर। पुलिस विभाग में तकनीकी दक्षता बढ़ाने और अनुसंधान कार्य को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से छतरपुर पुलिस द्वारा “समर्थ प्रशिक्षण अभियान” के अंतर्गत वर्ष 2026 के CCTNS प्रशिक्षण का पहला सत्र सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में आयोजित इस ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसंधानकर्ता अधिकारियों और ऑपरेटरों को CCTNS प्रणाली के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को टैबलेट के माध्यम से ई-विवेचना करने, पुलिस अधिकृत एप्लीकेशन से ई-समन एवं वारंट की तामीली करने तथा अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड सर्च करने की प्रक्रिया समझाई गई।
इसके अलावा अपराध पंजीकरण से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग के बारे में भी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि पुलिस कार्यवाही को अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जा सके।
यह प्रशिक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में CCTNS प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अन्नू तिवारी द्वारा प्रदान किया गया, जिसमें जिले के कई अनुसंधानकर्ता अधिकारी और ऑपरेटर शामिल हुए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसिंग को डिजिटल और अधिक प्रभावी बनाना है, जिससे अपराधों की जांच और रिकॉर्ड प्रबंधन में तेजी लाई जा सके।
