छतरपुर पुलिस द्वारा “समर्थ प्रशिक्षण अभियान” के अंतर्गत पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देशानुसार दिनांक 23 अप्रैल 2026 को अनुभाग बड़ामलहरा के समस्त थानों के CCTNS ऑपरेटरों एवं विवेचकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य थानों में ऑनलाइन कार्यवाही को तेज, सटीक और प्रभावी बनाना था।
कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि CCTNS में दर्ज प्रत्येक FIR के अनुसार मौका नक्शा तैयार कर आवश्यक दस्तावेज एवं कंटेंट समय पर अपलोड किए जाएं। साथ ही MLC एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट का ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित अस्पतालों तक समय पर भेजने की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान गिरफ्तारी, अज्ञात एवं गुमशुदा व्यक्तियों की फोटो पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने, ई-समन एवं वारंट की समय पर तामीली, ई-एफआईआर एवं जीरो एफआईआर के त्वरित निराकरण के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीओपी बड़ामलहरा श्री रोहित अलावा ने विवेचकों को जांच के दौरान ई-साक्ष्य App के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। वहीं CCTNS शाखा से सहायक उप निरीक्षक अन्नू तिवारी ने CCTNS प्रणाली और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। यह अभियान पुलिस विभाग को डिजिटल और जवाबदेह व्यवस्था की ओर आगे बढ़ाने वाला अहम कदम माना जा रहा है।
