पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशन में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत छतरपुर पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से समाज को अवगत कराना एवं नशा मुक्त वातावरण का निर्माण करना है।
अभियान की कड़ी में आज छतरपुर पुलिस द्वारा स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से “हस्ताक्षर अभियान” चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर नशे के विरुद्ध संकल्प लिया। सभी ने यह शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करेंगे।
जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत:
रैलियाँ, जनसंवाद, मानव श्रृंखला जैसे आयोजनों के माध्यम से आमजन को जोड़ा जा रहा है।
शैक्षणिक संस्थानों में रंगोली, चित्रकला, निबंध लेखन जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है।
सोशल मीडिया, बैनर, फ्लेक्स, वीडियो, थिएटर शॉर्ट फिल्में और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से व्यापक प्रचार किया जा रहा है।
स्थानीय लोक कलाकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, गायक कलाकारों को इस मुहिम से जोड़ा गया है, जो नशा मुक्ति के संदेश को प्रभावशाली ढंग से समाज के हर वर्ग तक पहुँचा रहे हैं।
जिले में कार्यरत फैक्ट्री एवं उद्योगों में जाकर कर्मचारियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है, जिससे कार्यस्थल भी एक स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण बना रहे।
