मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश वन संपदा और वन्य जीव संरक्षण के साथ निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री बुधवार को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 17 से 23 दिसंबर तक आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वन और पेड़ों के संरक्षण की परंपरा रही है और वन मेला इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। मेले में आयुर्वेदिक उत्पादों के 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, वहीं 80 आयुर्वेदिक डॉक्टर और 100 से अधिक वैद्य आमजन को निःशुल्क परामर्श देंगे। इस वर्ष मेले की थीम “समृद्ध वन, खुशहाल जन” रखी गई है।

