अन्य

एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, बेटियों को जरूर लगवाएं: कलेक्टर पार्थ जैसवाल

एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, बेटियों को जरूर लगवाएं: कलेक्टर पार्थ जैसवाल

छतरपुर जिले में बालिकाओं के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने लवकुशनगर के शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में लगाए गए एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा में पहुंचकर बालिकाओं से सीधे संवाद किया और उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं, यह पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई साइड इफेक्ट नहीं हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर ही हितग्राहियों को फोन लगवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी भी ली, जिससे व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

इसके बाद कलेक्टर ने लवकुशनगर में बने नवीन एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी और दीवारों में दरारें मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार इंजीनियर के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं निर्माणाधीन नवीन सीएचसी केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक माह के भीतर कार्य पूर्ण कर भवन को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने नल, बिजली कनेक्शन, फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, साथ ही ग्राउंड के समतलीकरण पर भी जोर दिया।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर ने ग्राम देवनगर का दौरा किया। यहां उन्होंने मनरेगा के तहत बनाए जा रहे खेत तालाब और “एक बगिया मां के नाम” अभियान के अंतर्गत विकसित किए गए फल उद्यान का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मजदूरों से नियमित काम लिया जाए और उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामवासियों से संवाद के दौरान बिजली कटौती की समस्या सामने आई, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा खेल मैदान और सड़कों के निर्माण को लेकर भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लवकुशनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसव वार्ड, उपकरणों की उपलब्धता और उपस्थिति पंजी की जांच की। साथ ही हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जननी सुरक्षा योजना की राशि हितग्राहियों के खातों में पहुंचने की स्थिति का फोन के माध्यम से क्रॉस चेक किया और जन्म प्रमाण पत्र समय पर संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में लंबित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर प्रकरणों का निपटारा करने को कहा।

इसके साथ ही कलेक्टर ने कुटने राजनगर परियोजना के अंतर्गत इंटेक वेल और ओएचटी निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिए और पथरिया में तीसरे एमबीआर के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने को कहा।

कुल मिलाकर, कलेक्टर पार्थ जैसवाल का यह दौरा स्वास्थ्य, निर्माण कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखने और सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related posts

यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: शवों की पहचान बनी चुनौती, डीएनए जांच पर टिकी परिजनों की उम्मीद

khabarsamayper

यूक्रेन-रूस युद्ध में अमेरिका का बड़ा दांव: बिना कीव की सहमति के पेश हुआ 28-सूत्रीय शांति प्रस्ताव

khabarsamayper

रामनवमी व नवरात्रि समापन पर छतरपुर पुलिस का पैदल मार्च, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

khabarsamayper

Leave a Comment