छतरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओरछा रोड थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों का खुलासा, क्रेता-विक्रेता दोनों गिरफ्तार
छतरपुर पुलिस द्वारा जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ओरछा रोड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रात्रि रोड पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 2 देशी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस को झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की।
पहली कार्रवाई में फोरलेन ब्रिज के पास स्थित प्रतीक्षालय से आरोपी सोहित यादव, निवासी लुगासी थाना नौगांव को 315 बोर देशी कट्टा व कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा अवैध हथियार का सोशल मीडिया पर प्रदर्शन किया गया था, जो वायरल हुआ था। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से मारपीट के मामलों में लिप्त है।
पूछताछ के दौरान हथियार विक्रेता की जानकारी मिलने पर दूसरी कार्रवाई रामाश्रय होटल के पास की गई, जहां से आरोपी धनपाल पाल, निवासी ग्राम राधेपुर थाना कोतवाली को 315 बोर देशी कट्टा और कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी धनपाल पहले से गृह उत्पीड़न व दहेज एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना ओरछा रोड में आयुध अधिनियम के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक 500 से अधिक आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्रियों पर भी छापामार कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई सीएसपी छतरपुर श्री अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक यादव एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
