अन्य

अतिक्रमण हटाकर पन्ना, नौगांव रोड व छत्रसाल चौक का चौड़ीकरण करें: कलेक्टर पार्थ जैसवाल

अतिक्रमण हटाकर पन्ना, नौगांव रोड व छत्रसाल चौक का चौड़ीकरण करें: कलेक्टर पार्थ जैसवाल

छतरपुर।
जिले में सुगम यातायात व्यवस्था एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पन्ना रोड, नौगांव रोड एवं छत्रसाल चौक पर अतिक्रमण हटाकर चौड़ीकरण किया जाएगा। यह निर्देश कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान दिए।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले, परिवीक्षाधीन आईपीएस श्री लेखराज मीणा, संयुक्त कलेक्टर श्री बलवीर रमन, नगर पालिका सीएमओ श्रीमती माधुरी शर्मा, ट्रैफिक प्रभारी श्री बृहस्पति साकेत, खनिज अधिकारी श्री अमित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री जैसवाल ने नगर पालिका सीएमओ को निर्देश दिए कि पन्ना रोड, नौगांव रोड एवं छत्रसाल चौक के चौड़ीकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई आवश्यक है।

बैठक में छत्रसाल चौक, डीआईजी बंगले के सामने एवं एमपीईबी कार्यालय के बाहर स्थित धार्मिक स्थलों के संबंध में धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश भी दिए गए। वहीं पंजाब नेशनल बैंक के सामने डिवाइडर में बने कट को पूरी तरह बंद करने के आदेश दिए गए।

कलेक्टर ने सटई रोड एवं महोबा रोड पर लगने वाले बाजारों के कारण लगने वाले जाम की स्थिति को गंभीर बताते हुए इन बाजारों को मुख्य मार्ग से हटाकर अन्य उपयुक्त स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही महोबा रोड के डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट एवं रेडियम लगाने के निर्देश भी दिए गए।

चौक बाजार में पार्किंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश

कलेक्टर श्री जैसवाल ने चौक बाजार क्षेत्र के हटवारा एवं गल्ला मंडी के पास निर्मित पार्किंग स्थलों का तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नौगांव रोड पर किनारे खड़ी रहने वाली बसों को वैकल्पिक स्थानों पर खड़ा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में सागर–कानपुर हाईवे के शहर बाईपास निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने, नवीन चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा अंधे मोड़ों पर संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

Related posts

इंदौर के तेजाजी नगर में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की टक्कर में एक की मौत, 5 घायल

khabarsamayper

छतरपुर पुलिस ने पकड़ा शेयर मार्केट में झांसा देने वाला ठग

khabarsamayper

पाकिस्तान पर बाबा बागेश्वर धाम का बयान

khabarsamayper

Leave a Comment