
भोपाल — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रंगमंच और अन्य कलाएं युवाओं को भारत के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें राष्ट्रप्रेम का भाव जगाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भारत भवन अब राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) से जुड़कर देश का श्रेष्ठ नाट्य प्रशिक्षण केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को भारत भवन, भोपाल में आयोजित दो महत्वपूर्ण अनुबंधों के निष्पादन अवसर पर बोल रहे थे। इस दौरान भारत भवन रंगमंडल और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के बीच तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के मध्य समझौते पर हस्ताक्षर हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नाटक और फिल्मों में समाज को सार्थक दिशा देने की शक्ति होती है। उन्होंने कहा — “मनोरंजन का माध्यम केवल लोकलुभावन न रहकर संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने वाला होना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि भारत भवन के रंगमंडल में रेपर्टरी की पुनर्स्थापना होगी और गुणवत्तापूर्ण नाटकों का मंचन किया जाएगा। साथ ही, पर्यटन विभाग और ASI मिलकर ऐतिहासिक धरोहर स्थलों पर सांस्कृतिक आयोजन करेंगे।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक विकास का नया युग आरंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब सांस्कृतिक पुनर्जागरण का केंद्र बन रहा है।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, महापौर श्रीमती मालती राय, अभिनेता रघुवीर यादव, एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
