Breaking Newsअन्य

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया जनजातीय ग्राम करमासन हटा का दौरा

टीकमगढ़। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल मंगलवार को बल्देवगढ़ तहसील के ग्राम करमासन हटा पहुंचे, जहां उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।

राज्यपाल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नारी स्वस्थ होगी तभी परिवार और समाज स्वस्थ रह सकेगा। सेवा पखवाड़े के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

श्री पटेल ने ग्राम पंचायत करमासन हटा में नवनिर्मित आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और सरपंच को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ वितरित किए, क्षय रोगियों को फूड बास्केट और प्रमाण पत्र प्रदान किए।

राज्यपाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में परंपरागत बुंदेली व्यंजनों, खिलौनों, मिट्टी, बांस और घर पर बने खाद्य उत्पादों का अवलोकन किया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी आजीविका गतिविधियों की सराहना की।

कार्यक्रम में एंजल एबोड स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान की बैंड प्रस्तुति दी और लाड़ली बहनों ने पारंपरिक मंगल गीतों से स्वागत किया। ग्रामीणों ने राज्यपाल को ग्राम विजन 2030 पुस्तिका और कुंडेश्वर भगवान की तस्वीर भेंट की।

अपने प्रवास के दौरान राज्यपाल पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से भी संवाद किया। उन्होंने श्रीमती हरकुंवर और श्री प्रभु सौंर के घर जाकर परिजनों से चर्चा की। श्रीमती हरकुंवर ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्ची झोपड़ी में रहता था और आज पक्का मकान उनके सपनों को साकार कर रहा है। राज्यपाल ने बच्चों को पढ़ाई में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उपहार भी दिए।

Related posts

राज्यपाल श्री पटेल को ध्वज लगाया

khabarsamayper

कलेक्टर ने जताई नाराज़गी, बैंकों को लंबित प्रकरणों का तुरंत निराकरण करने के निर्देश

khabarsamayper

छतरपुर जिला अस्पताल में महिलाओं की जमकर मारपीट, वीडियो वायरल

khabarsamayper

Leave a Comment