अन्य

नौगांव बस स्टैंड पर आधुनिक पुलिस सहायता केंद्र का लोकार्पण, सीसीटीवी और अनाउंसमेंट सिस्टम से लैस


नौगांव बस स्टैंड पर आधुनिक पुलिस सहायता केंद्र का लोकार्पण, सीसीटीवी और अनाउंसमेंट सिस्टम से लैस

छतरपुर।
छतरपुर जिले के थाना नौगांव क्षेत्र में बस स्टैंड परिसर पर नवनिर्मित आधुनिक पुलिस सहायता केंद्र का लोकार्पण किया गया। यह केंद्र नगर पालिका और जन सहयोग से तैयार किया गया है, जिसे आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थापित किया गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय कुमार खत्री, पुलिस अधीक्षक अगम जैन और महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से इस पुलिस सहायता केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया।

यह पुलिस सहायता केंद्र आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें वातानुकूलन, बेहतर वेंटिलेशन, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे और अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे बस स्टैंड परिसर की निगरानी की जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग इसी केंद्र से की जाएगी। यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अनाउंसमेंट सिस्टम भी सक्रिय रहेगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सहायता केंद्र 24 घंटे जनता की सेवा के लिए खुला रहेगा। नौगांव क्षेत्र उत्तर प्रदेश और टीकमगढ़ जिले की सीमा से जुड़ा होने के कारण यहां बाहरी लोगों का आवागमन अधिक रहता है। साथ ही यह मार्ग फोरलेन हाईवे और विभिन्न अंतरराज्यीय मार्गों से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डायल 112, थाना मोबाइल, चीता मोबाइल और अतिरिक्त पुलिस पेट्रोलिंग लगातार सक्रिय रहेंगी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इससे पहले देरी तिराहा, संकट मोचन तिराहा, बस स्टैंड छतरपुर, छत्रसाल चौक, जानराय टोरिया महोबा रोड और थाना राजनगर के ग्राम विक्रमपुर में भी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

लोकार्पण के बाद जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, साइबर फ्रॉड से बचाव और शिकायतों के त्वरित निराकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने पुलिस के जनसंवाद, ऑनलाइन शिकायत समाधान और साइबर फ्रॉड में वित्तीय राशि वापसी जैसे अभियानों की सराहना की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, सीएमओ आरएस अवस्थी, एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम, थाना प्रभारी निरीक्षक बाल्मीक चौबे सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

गोंदिया–जबलपुर रेल लाइन दोहरीकरण को मंजूरी, महाकौशल के विकास को मिलेगी नई गति

khabarsamayper

“परीक्षा जीवन का पड़ाव है, अंतिम लक्ष्य नहीं” — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

khabarsamayper

बड़ा मलहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — कनेरा पुलिया के पास जुआ खेलते 13 आरोपी गिरफ्तार, ₹48,650 नगद व 8 मोबाइल बरामद

khabarsamayper

Leave a Comment