Breaking News

उज्जैन में आकाशवाणी स्टूडियो स्थापित करने को भारत सरकार की स्वीकृति

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार शाम समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री संजय जाजू ने भेंट कर उज्जैन में आकाशवाणी स्टूडियो सेटअप की स्वीकृति का पत्र सौंपा। यह स्वीकृति केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन द्वारा प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि मालवा क्षेत्र की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपराओं के प्रचार-प्रसार के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सूचना के इस युग में प्रसारण माध्यमों की विशेष भूमिका है, और आकाशवाणी की विश्वसनीयता व प्रामाणिकता उसे एक विशिष्ट स्थान प्रदान करती है।

डॉ. यादव ने बताया कि उन्होंने 8 जुलाई को केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन से भेंट कर उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया था, जिसे केंद्र सरकार ने शीघ्र स्वीकृति प्रदान की।

जब तक उज्जैन में स्टूडियो सेटअप की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक आकाशवाणी इंदौर केंद्र से सप्ताह में छह दिन अल्पकालिक प्रसारण की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ: 2028 के दृष्टिगत जहां अन्य प्रकार की व्यवस्थाएं की जा रही हैं, वहीं ऑफीशियल मीडिया के विस्तार की दिशा में उज्जैन में आकाशवाणी सेटअप स्वीकृत किए जाने की उपलब्धि महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन एवं मालवा क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों के प्रोत्साहन की दृष्टि से भी सर्वसुविधायुक्त रेडिया स्टेशन की आवश्यकता थी। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के लिए यह विशेष आउटरीच सपोर्ट होगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार ओर सामुदायिक रेडियो नेटवर्क का विस्तार उपयोगी सिद्ध होगा। जनहितैषी निर्णयों की सूचनाओं को सुदूर ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाने में विशेष सहायता मिलेगी।

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत प्रसार भारती ने मध्यप्रदेश में उज्जैन को एक महत्वपूर्ण धार्मिक आध्यात्मिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र मानते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रस्ताव को बिना विलंब के स्वीकृति प्रदान की है।

उल्लेखनीय है कि प्रसार भारती ने पूरे भारत में आधुनिक तकनीक का उपयोग कर प्रसारण सेवाएं बढ़ाने की पहल की है। आकाशवाणी के लोकप्रिय चैनल अब स्मार्टफोन, टैबलेट और पर्सनल कम्प्यूटर पर गुणवत्तापूर्ण आडियो के साथ सुने जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से केंद्रीय सूचना प्रसारण सचिव की भेंट के अवसर पर जनसम्पर्क आयुक्त और सचिव डॉ. सुदाम खाड़े उपस्थित थे।

Related posts

शासन की उपार्जन नीति के तहत किसान भाई जिन्होंने किसी भी केन्द्र का पंजीयन कराया हो, वह अपनी सुविधा अनुसार जिले के किसी भी केन्द्र पर फसल बेंच सकते हैं।

khabarsamayper

छतरपुर के रानीताल में महिला से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

khabarsamayper

आगरा में सनसनीखेज वारदात — बेटे ने की पिता की हत्या

khabarsamayper

Leave a Comment