उज्जैन में हाल ही में हुई ओलावृष्टि के बाद मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदल गया है। गुरुवार सुबह से ही शहर में बादलों ने डेरा जमा रखा है, जिसके चलते सर्द हवाओं का असर तेज़ी से महसूस किया जा रहा है। लगातार चल रही ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
तेज हवाओं के कारण सुबह-शाम घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। बुजुर्गों और बच्चों पर ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही कम नजर आई।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह ठंडा बना रह सकता है। बादल छाए रहने और तेज हवाओं के चलते रात के तापमान में भी और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
