भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और टाटा स्ट्राइव के बीच दो वर्ष की अवधि के लिए महत्वपूर्ण एमओयू हुआ। आवश्यकता पड़ने पर इसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।
समझौते का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण होमस्टे संचालकों की आय बढ़ाना, उन्हें विश्वस्तरीय आतिथ्य मानकों के अनुरूप सेवाएं विकसित करने में सहयोग देना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
एमओयू से ग्रामीण होमस्टे संचालकों, स्थानीय युवाओं और पर्यटन सेवा प्रदाताओं को प्रमुख रूप से लाभ मिलेगा। साथ ही पर्यटन निगम और निजी क्षेत्र के होटलों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार किया जाएगा।
इस साझेदारी से प्रदेश के हजारों युवाओं को आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। इससे मध्यप्रदेश के ग्रामीण पर्यटन इकोसिस्टम को और मजबूती मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
