गमिर्यों का मौसम शुरू होते ही शहर से लेकर गांव तक पानी की समस्या खड़ी हो जाती है। आसपास की बड़ी नदियों के माध्यम से शहरों तक पानी पहुंचता है लेकिन ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को दूर-दूर से पानी लेकर आने को मजबूर होना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल योजना के माध्यम से हर घर पानी पहुंचाने का सरकार का दावा हवा में उड़ रहा है। ऐसा ही मामला बिजावर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत लखनगुवां के लोग पानी की विकराल समस्या से जूझ रहे हैं। गांव में लगे हैंडपंपों में से सिर्फ एक ही काम कर रहा है। शेष खराब हैं जिन्हें सुधारने के लिए कई बार जिम्मेदार लोगों से गुहार लगाई गई लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। ग्रामीण पीने का पानी सहित अन्य उपयोग हेतु पानी जुटाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।लखनगुवां गांव के लोग बेहद परेशान है गांव में सिर्फ एक बोर है उस से जंग निकलती है, गांव के अन्य हैंडपंप सूख गए हैं।1 किलोमीटर से अधिक दूर से पानी ढोना पड़ता है। लोग साइकिल या अन्य माध्यम से पानी लेकर आते हैं।

